डीडवाना-कुचामन पुलिस ने केंद्र सरकार के नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) से जुड़ी करोड़ों रुपए की छात्रवृत्ति ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के मुख्य सरगना और 21 हजार रुपए के इनामी बदमाश इमरान अली उर्फ सरजू को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर की गई। पुलिस के अनुसार यह ठगी वर्ष 2021-22 और 2022-23 में हुई थी। इसमें केंद्र सरकार द्वारा अल्पसंख्यक छात्रों को एनएसपी पोर्टल के माध्यम से दी जाने वाली छात्रवृत्ति में फर्जीवाड़ा कर करोड़ों रुपए हड़पे गए। इस मामले के सामने आने के बाद अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के निर्देश पर राजस्थान के विभिन्न जिलों में अब तक लगभग 28 मामले दर्ज किए गए हैं। डीडवाना जिले के डीडवाना, नावां और मकराना थानों में भी मामले दर्ज हैं। पश्चिम बंगाल में दबोचे थे 3 आरोपी पुलिस ने बताया कि इस मामले में पहले पश्चिम बंगाल में जुबेर आलम, मंसूर आलम और एमडी मुन्ना मुस्तक को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी इमरान अली उर्फ सरजू के ठिकाने पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 18 फर्जी शिक्षण संस्थानों की मुहरें, 105 मोबाइल सिम, विभिन्न संस्थानों की लगभग 1 करोड़ 58 लाख 970 रुपए की फर्जी रसीदें बरामद कीं। इसके अलावा 4 क्लोन अंगूठा निशान, एक फिंगरप्रिंट मशीन, मोबाइल पेमेंट टर्मिनल, कैमरे, चार्जर और बांग्लादेश निर्मित चार-सिम वाला मोबाइल भी जब्त किया गया। 4 सिम वाला मोबाइल भी किया जब्त आरोपी के कब्जे से ठगी के 44 हजार रुपए नकद, 4 मोबाइल फोन, बैंक पासबुक, 7 एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज भी जब्त किए गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह वर्तमान में भी फर्जी तरीके से केंद्र सरकार की छात्रवृत्ति योजनाओं में ठगी कर रहा था। आरोपी के बैंक खाते में 4 मार्च 2026 को भी 1.69 लाख रुपए जमा होने के प्रमाण मिले हैं। पुलिस मामले में गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी के नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।