डीडवाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने स्थापना दिवस के अवसर पर जनजागरूकता एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर भ्रष्टाचार के खिलाफ आमजन को जागरूक किया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति का संदेश देते हुए लोगों से बिना किसी भय के रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार की शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई। साथ ही एसीबी की कार्यप्रणाली, शिकायत प्रक्रिया और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई। भ्रष्टाचार के खिलाफ जनभागीदारी पर जोर कार्यक्रम एसीबी राजस्थान के महानिदेशक गोविंद गुप्ता के निर्देशन तथा एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस नारायण टोगस के पर्यवेक्षण में आयोजित हुआ। इस दौरान जागरूकता पोस्टर जारी किया गया और आमजन, व्यापारियों, किसानों व विद्यार्थियों के बीच भ्रष्टाचार विरोधी पंपलेट वितरित किए गए, ताकि वे भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित हों। बिना डर करें शिकायत, पहचान रहेगी गोपनीय एसीबी डीडवाना-कुचामन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि स्थापना दिवस का उद्देश्य केवल विभाग की स्थापना का स्मरण करना नहीं, बल्कि समाज में ईमानदारी, पारदर्शिता और भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई तभी सफल होगी, जब आमजन बिना किसी भय के शिकायत दर्ज कराएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति रिश्वत मांगता है अथवा भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है, तो उसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। एसीबी की कार्यप्रणाली और शिकायत प्रक्रिया की जानकारी कार्यक्रम में मौजूद लोगों को एसीबी के अधिकार, कार्यप्रणाली और विभिन्न कार्रवाइयों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें आय से अधिक संपत्ति, पद के दुरुपयोग, ट्रैप कार्रवाई और आकस्मिक जांच (सरप्राइज चेकिंग) जैसी कार्रवाईयों से अवगत कराया गया। साथ ही शिकायत दर्ज कराने की पूरी प्रक्रिया भी समझाई गई। हेल्पलाइन नंबर किए साझा भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें दर्ज कराने के लिए एसीबी के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064, व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 तथा एसीबी चौकी डीडवाना-कुचामन के दूरभाष नंबर 01580-220033 की जानकारी भी आमजन के साथ साझा की गई। बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार शर्मा के साथ एसीबी स्टाफ के कानाराम, राजेन्द्र झुरियां, रमेश कुमार, बीरबल और राजूराम सहित बड़ी संख्या में आमजन, किसान, दुकानदार, व्यापारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। समाज की साझा जिम्मेदारी का संदेश कार्यक्रम के समापन पर एसीबी ने स्पष्ट संदेश दिया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई केवल एजेंसी की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। आमजन की एक सूचना भी भ्रष्टाचार पर प्रभावी कार्रवाई का आधार बन सकती है।