डीडवाना के राजकीय बांगड़ कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) का तीन दिवसीय कार्यक्रम संपन्न हुआ। अंतिम दिन विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता, साइबर सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। व्याख्यानों के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने, डिजिटल धोखाधड़ी से सतर्क रहने और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील बनने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में एनएसएस स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर में श्रमदान कर स्वच्छता और सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया। पढ़ाई के साथ सामाजिक कार्यों में भी लें भाग प्रिंसिपल डॉ. मनीषा गोदारा ने राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहते हुए राष्ट्र के विकास में योगदान देना चाहिए। मतदान के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील प्रो. चेनाराम महला ने मतदाता जागरूकता विषय पर व्याख्यान देते हुए मतदान के महत्व और निष्पक्ष मतदान की आवश्यकता समझाई। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं मतदान के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार व समाज के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। फर्जी लिंक और ओटीपी साझा करने से बचें प्रो. कैलाश राठौड़ ने साइबर सुरक्षा पर जानकारी देते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए। उन्होंने विद्यार्थियों को फर्जी लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी साझा नहीं करने और अपनी निजी जानकारी गोपनीय रखने की सलाह दी। साथ ही, डिजिटल लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतने और साइबर धोखाधड़ी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील रहने पर जोर डॉ. अनिल कुमार ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। वहीं, डॉ. अनुराग झंवर ने विद्यार्थियों में बढ़ती आत्महत्या की प्रवृत्ति पर चर्चा करते हुए मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने इस विषय पर जागरूकता और विद्यार्थियों की मानसिक स्थिति को समझने के महत्व पर जोर दिया। तनाव से निपटने के बताए व्यावहारिक उपाय प्रो. रामचंद्र स्वामी ने तनाव प्रबंधन विषय पर व्याख्यान देते हुए तनाव के कारणों, उसके प्रभावों और उससे निपटने के व्यावहारिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को मानसिक संतुलन बनाए रखने और जीवन की चुनौतियों का सकारात्मक दृष्टिकोण से सामना करने के लिए प्रेरित किया। श्रमदान कर दिया सामाजिक सहभागिता का संदेश कार्यक्रम के समापन पर एनएसएस स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर में श्रमदान किया। इस दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अंतिमा अग्रवाल, प्रो. आशीष जिंजवारिया, प्रो. फतेह सिंह, प्रो. पूजा सहित अन्य संकाय सदस्य मौजूद रहे।