डीडवाना में भारत विकास परिषद् की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह अग्रसेन वाटिका में आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव विनोद सेन मुख्य अतिथि और समाजसेवी जितेंद्र सिंह जोधा अति विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शाखा अध्यक्ष डॉ. गजादान चारण ने आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि परिषद इस सत्र से एक नया चिकित्सा उपकरण सेवा प्रकल्प शुरू करेगी। इसके तहत लगभग 4 लाख रुपए के उपकरण जरूरतमंद मरीजों को चिकित्सकीय परामर्श पर निःशुल्क प्रदान किए जाएंगे। जून में लगाया जाएगा निःशुल्क दिव्यांगजन सेवा शिविर चारण ने यह भी घोषणा की कि जून में श्री भगवान महावीर दिव्यांग सेवा समिति के सहयोग से एक निःशुल्क दिव्यांगजन सेवा शिविर आयोजित होगा। इसमें जयपुर-फुट, कैलीपर्स और अन्य कृत्रिम उपकरण वितरित किए जाएंगे। शाखा सचिव सुरेंद्र सोनी ने परिषद के शीतल जल प्रकल्प, निःशुल्क हृदय रोग जांच शिविर, एनीमिया जांच शिविर और संस्कार आधारित गतिविधियों की जानकारी दी। वित्त सचिव बालमुकुंद बगड़िया ने आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया। 35 सदस्यीय नई कार्यकारिणी को दिलाई शपथ मुख्य अतिथि विनोद सेन ने 35 सदस्यीय नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस दौरान नए सदस्यों को भी सदस्यता की शपथ दिलाई गई। परिषद से नए "विकास मित्र" बनाने की घोषणा भी की गई। "राष्ट्र प्रथम" की भावना को मजबूती का आधार बताया संरक्षक गोविंद रूवाटिया ने परिषद की प्रगति को संस्थापकों के सपनों का साकार होना बताया। परामर्श मंडल सदस्य महेश टाक ने चिकित्सा प्रकल्प के लिए 1 लाख रुपए के सहयोग की घोषणा की। मुख्य अतिथि विनोद सेन ने परिषद को सेवा, संस्कार और समर्पण पर आधारित संगठन बताते हुए समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने के इसके प्रयासों की सराहना की। अति विशिष्ट अतिथि जितेंद्र सिंह जोधा ने "राष्ट्र प्रथम" की भावना को समाज की मजबूती का आधार बताया। मेधावी छात्रा दीपिका रांकावत को किया सम्मानित कार्यक्रम में 12वीं विज्ञान वर्ग में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा दीपिका रांकावत को सम्मानित किया गया। परिषद ने 16 और 17 मई को क्रिकेट प्रीमियर लीग के आयोजन की भी घोषणा की। अंत में ममता मोट ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।