डीडवाना कलवानी चौराहे के पास सोमवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोग घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब बाइक अचानक बेकाबू होकर सड़क पर फिसल गई। जानकारी के अनुसार, राजेंद्र (26) और ओमप्रकाश (50) बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। कलवानी चौराहे के पास अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक फिसल गई, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद, मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एम्बुलेंस के पायलट रामपाल सिंह और ईएमटी आसिफ खान मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने दोनों का प्राथमिक इलाज किया। फिलहाल दोनों की स्थिति पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है।