डीडवाना में बुधवार को जिला कलेक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में 'मिशन हरियालो राजस्थान' की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक में आगामी पौधरोपण अभियान की तैयारियों और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला कलेक्टर ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पौधरोपण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान प्रभावी ढंग से संचालित हो सके, इसके लिए पौधरोपण से पहले स्थल चयन, गड्ढों की खुदाई, मृदा कार्य और फेंसिंग जैसे सभी आवश्यक कार्य समय पर पूरे किए जाएं। मीना ने प्रत्येक पौधरोपण स्थल की 'हरियालो राजस्थान ऐप' पर नियमित जियो-टैगिंग सुनिश्चित करने तथा इसकी दैनिक निगरानी करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ गुणवत्तापूर्ण पौधरोपण सुनिश्चित करने और अभियान के लक्ष्यों को तय समय में पूरा करने का आह्वान किया। बैठक में उपवन संरक्षक विजय शंकर पाण्डेय ने अभियान की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा की जा रही जियो-ट्रैकिंग की प्रगति और वन विभाग की नर्सरियों में उपलब्ध पौधों एवं उनके वितरण की व्यवस्था से अवगत कराया। इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एफ.आर. मीणा सहित वन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, सहकारिता, खनन, श्रम और सार्वजनिक निर्माण विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।