राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से डीडवाना जिले में ग्राम रथ अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। अभियान के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में पहुंच रहे ग्राम रथों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। खास बात यह है कि कई ग्रामीणों को मौके पर ही योजनाओं का सीधा लाभ भी मिल रहा है। अभियान को लेकर गांवों में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है और लोग बड़ी संख्या में कार्यक्रमों में पहुंचकर जानकारी हासिल कर रहे हैं। इन गांवों में पहुंचा ग्राम रथ अभियान अभियान के तहत डीडवाना विधानसभा क्षेत्र के खरवालिया, भोपजी का बास, तोषीणा और गांवडी गांवों को कवर किया गया। वहीं लाडनूं विधानसभा क्षेत्र के घिरडोदा खारा, घिरडोदा मीठा, ध्यावा और मिठड़ी गांवों में ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई। इसी प्रकार नावां विधानसभा क्षेत्र के जिजोट, लाम्बा, घाटवा और खोरण्डी गांवों में भी ग्राम रथ पहुंचा। परबतसर विधानसभा क्षेत्र के ललाणा कलां, चिताई, गुलर, कुराड़ा और बींठवालिया गांवों में भी लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। मकराना विधानसभा क्षेत्र के भैयाकला, दम्बोई खुर्द, डोबड़ीकला और सरनावड़ा गांवों में भी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए। ग्रामीणों ने किया ग्राम रथ का स्वागत ग्राम रथों के गांवों में पहुंचने पर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई जगह लोगों ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर रथों का स्वागत किया और योजनाओं की जानकारी लेने में रुचि दिखाई। ग्रामीणों ने सरकार की योजनाओं से जुड़ी जानकारियां ध्यानपूर्वक सुनीं और विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी समझी। 13 विभागों की योजनाओं का हुआ प्रचार अभियान के दौरान 13 विभागों की प्रमुख योजनाओं का ऑडियो-विजुअल माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया। इसके जरिए ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ की जानकारी सरल भाषा में दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma का संदेश भी ग्रामीणों को सुनाया गया, जिसमें उन्होंने आमजन से सरकार की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। लोक कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक से किया जागरूक कार्यक्रमों में कला जत्था के लोक कलाकारों ने स्थानीय भाषा और लोक शैली में नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति देकर लोगों को जागरूक किया। कलाकारों ने मनोरंजक अंदाज में योजनाओं की जानकारी दी, जिससे ग्रामीणों को योजनाओं को समझने में आसानी हुई। ग्रामीणों ने इन प्रस्तुतियों को काफी सराहा। 8 मई को इन गांवों में पहुंचेगा ग्राम रथ अभियान के अगले चरण में 8 मई को ग्राम रथ डीडवाना विधानसभा क्षेत्र के खोजास, थेबड़ी, आकोदा और बेगसर गांवों में पहुंचेगा। वहीं, लाडनूं विधानसभा क्षेत्र के हुसैनपुरा, लाछड़ी, इंद्रपुरा और थानू गांवों में भी कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अलावा नावां विधानसभा क्षेत्र के लालास, हुडील, टोडास और अड़कसर; परबतसर विधानसभा क्षेत्र के आंतरोली सांगा, जावला, भकरी मोलास और टापरवाड़ा; तथा मकराना विधानसभा क्षेत्र के नूंदड़ा, खारड़िया, गोठड़ी और बिणजारी गांवों में ग्राम रथ पहुंचकर लोगों को योजनाओं के प्रति जागरूक करेगा।