डीडवाना-कुचामन जिले के ग्रामीण और कस्बाई इलाकों में आभूषण झपटमारी और चोरी की वारदातों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले 24 से 48 घंटों के दौरान जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाकर सोने के आभूषण झपटने और चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। जसवंतगढ़ थाना क्षेत्र के मिंडासरी गांव में 19 जुलाई की शाम करीब 6 बजे प्रेमा कंवर (55) पत्नी सवाई सिंह खेत से पशुओं को लेकर घर लौट रही थीं। डीडवाना-लाडनूं मुख्य मार्ग से करीब 200 मीटर अंदर गांव की ओर पहुंचने पर मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनसे सरदारपुरा का रास्ता पूछा। महिला के रुकते ही पीछे बैठे बदमाश ने उनके गले में पहनी सोने की दो पातरी झपट ली और अपने साथी के साथ फरार हो गया। महिला के शोर मचाने पर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पीड़िता ने जसवंतगढ़ थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। इसी तरह, बालिया गांव में सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार चार बदमाशों ने एक महिला को अकेला देखकर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र तोड़ लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी तेज गति से कार लेकर भाग गए। गोदरास गांव में रात के समय घर के बाहर गुवाड़ में सो रही एक महिला को भी बदमाशों ने निशाना बनाया। कार में आए चार बदमाशों में से एक ने महिला का सोने का बोरला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन महिला के जागकर शोर मचाने पर आरोपी घबरा गए और मौके से फरार हो गए। इन वारदातों के अलावा, मैदासर चौराहे पर खड़े एक ट्रैक्टर से स्विफ्ट कार में आए बदमाश बैटरी चोरी कर ले गए। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। ग्रामीणों में दहशत, बढ़ी पुलिस गश्त की मांग लगातार हो रही झपटमारी और चोरी की घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से दिन-रात गश्त बढ़ाने, मुख्य मार्गों और चौराहों पर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करने और सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सक्रिय गिरोह को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।