राजस्थान सरकार की प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर सोमवार को डीडवाना-कुचामन जिला कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में जनसुनवाई हुई। संभागीय मुख्यालय अजमेर से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित इस जनसुनवाई की अध्यक्षता राजस्थान समान नागरिक संहिता-2026 प्रारूप समिति के सदस्य और अतिरिक्त महाधिवक्ता बसंत सिंह छाबा ने की। जनसुनवाई में जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, सामाजिक संगठनों और शिक्षाविदों ने यूसीसी पर अपने सुझाव व विचार प्रस्तुत किए। छाबा ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और कहा कि प्राप्त सुझावों का प्रारूप तैयार करने की प्रक्रिया में समुचित परीक्षण किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश का कोई भी नागरिक समान नागरिक संहिता के संबंध में अपने सुझाव ऑनलाइन भी दर्ज करा सकता है। इसके लिए राज्य सरकार के यूसीसी पोर्टल और क्यूआर कोड के माध्यम से सुझाव भेजने की सुविधा उपलब्ध है। जनसुनवाई के दौरान आमजन को पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से समान नागरिक संहिता से संबंधित जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर जिला कलक्टर अवधेश मीना ने जिले के नागरिकों से अधिक से अधिक सुझाव देने का आह्वान किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ और गृह विभाग के संयुक्त शासन सचिव मनीष गोयल सहित अन्य अधिकारी जुड़े। कलेक्ट्रेट वीसी कक्ष में अतिरिक्त जिला कलक्टर रतन कुमार, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रवणराम और जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।