डीडवाना-कुचामन पुलिस ने पंचायत राज चुनावों के लिए सोमवार को जिलेभर में विशेष अभियान चलाया। इसका मकसद कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना था। पुलिस ने फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए छापे मारे और 7 वारंटियों को गिरफ्तार किया। शाम 6 से रात 10 बजे तक खास नाकाबंदी की गई। इसमें 591 वाहनों की जांच हुई और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 113 चालान काटे गए। राजकॉप ऐप से 89 लोगों का आपराधिक रिकॉर्ड भी देखा गया। एसपी डॉ. प्यारे लाल शिवरान ने लोगों से चुनावों में शांति बनाए रखने और पुलिस का सहयोग करने की अपील की। पुलिस ने बताया कि ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।