पंचायतराज आम चुनाव 2026 की तैयारियों के तहत डीडवाना-कुचामन जिले में मतदान अधिकारियों और सहायक मतदान अधिकारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। पहले दिन 683 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें 336 मतदान अधिकारी और 347 सहायक मतदान अधिकारी शामिल रहे। तीन दिवसीय कार्यक्रम में कुल 2052 कर्मचारियों को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य है। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को मतदान प्रक्रिया, चुनाव नियमों और निष्पक्ष एवं व्यवस्थित मतदान संपन्न करवाने की जानकारी दी जा रही है। तीन दिन में 2052 कर्मचारियों को मिलेगा प्रशिक्षण पंचायतराज चुनाव की प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए आयोजित प्रशिक्षण में कुल 1009 मतदान अधिकारियों और 1042 सहायक मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जाना है। इसके लिए कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि चुनाव के दौरान वे अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन कर सकें। 3 जिला और 36 ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर दे रहे ट्रेनिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम में तीन जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर और 36 ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर कर्मचारियों को चुनाव संबंधी जानकारी दे रहे हैं। इसमें मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, चुनाव नियमों के पालन और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया जा रहा है। अधिकारियों ने दिए जिम्मेदारी से काम करने के निर्देश प्रशिक्षण के दौरान एडीएम रतन कुमार, तहसीलदार पवन कुमार मिश्रा, जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर रघुवीर सिंह शेखावत और प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के प्रदीप सेवदा मौजूद रहे। अधिकारियों ने कर्मचारियों को चुनाव संबंधी दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करने पर जोर दिया।