डीडवाना-कुचामन पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ दो दिवसीय विशेष "एरिया डोमिनेशन अभियान" चलाया। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (IPS) के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में जिलेभर में 104 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। अभियान के लिए 60 टीमों का गठन किया गया था, जिनमें कुल 216 पुलिसकर्मी शामिल थे। इन टीमों ने जिले के 332 अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर वांछित अपराधियों को पकड़ा। पुलिस ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ लोकल और स्पेशल एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करना था। इस दौरान आबकारी अधिनियम के तहत 10, आरएनसी एक्ट में 3, आरपीजीओ एक्ट में 1 और धूम्रपान अधिनियम के तहत 1 सहित कुल 15 प्रकरण दर्ज किए गए। गिरफ्तार किए गए 104 अपराधियों में 3 जघन्य मामलों में वांछित, 13 स्थायी वारंटी, 12 गिरफ्तारी वारंटी, 2 इनामी अपराधी और 7 सामान्य प्रकरणों में वांछित शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 64 व्यक्तियों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर ने बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इसका उद्देश्य कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना और आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है।