डीडवाना-कुचामन जिले में पुलिस ने गैंगस्टर रोहित गोदारा और वीरेंद्र चारण गैंग के 3 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ 4 अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं। यह कार्रवाई एसपी ऋचा तोमर के निर्देश पर की गई। पुलिस के अनुसार इन गैंगस्टरों के गुर्गों के खिलाफ कुचामन सिटी, मकराना, परबतसर और लाडनूं थानों में प्रकरण दर्ज किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में गोपालदान (22), लिखमाराम उर्फ विकम (28) और विकास उर्फ धन्नाराम (30) शामिल है। पुलिस ने इनके कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। व्यापारियों को धमकाकर मांगी जाती थी फिरौती जांच में सामने आया है कि वीरेंद्र चारण, जो वर्तमान में विदेश में रह रहा है, विदेशी नंबरों से व्हाट्सऐप कॉल और ऑडियो संदेश भेजकर व्यापारियों को धमकाता था। गैंग के सदस्य स्थानीय स्तर पर धनाढ्य व्यक्तियों की पहचान कर उनकी जानकारी गैंग लीडर तक पहुंचाते थे, जिसके बाद फिरौती की मांग की जाती थी। सुजानगढ़ में ज्वैलर्स पर की थी फायरिंग पुलिस ने बताया कि गैंग द्वारा पहले भी धमकी देने के बाद फिरौती नहीं मिलने पर गंभीर वारदातों को अंजाम दिया जा चुका है। स्थानीय व्यापारियों में भय का माहौल बनाने के लिए फायरिंग और हत्या जैसी घटनाओं को अंजाम दिया जाता था। गिरफ्तार आरोपी गोपालदान और लिखमाराम पहले भी सुजानगढ़ के जेडीजे ज्वैलर्स फायरिंग प्रकरण में शामिल रहे हैं। पुलिस अन्य फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।