डीडवाना में पुलिस द्वारा कथित दुर्व्यवहार के विरोध में जिला बार संघ के अधिवक्ताओं ने एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान वकीलों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और डीडवाना थानाधिकारी को हटाने की मांग करते हुए ज्ञापन को आग के हवाले कर दिया। अधिवक्ताओं ने एसपी रिचा तोमर को ज्ञापन देने का प्रयास किया। वकीलों का कहना था कि एसपी अपने चैंबर से बाहर आकर ज्ञापन स्वीकार करें, लेकिन करीब 1 घंटे तक सुनवाई नहीं होने पर उनका आक्रोश बढ़ गया। नाराज वकीलों ने विरोध स्वरूप मौके पर ही ज्ञापन जला दिया और बिना ज्ञापन दिए वापस लौट गए। पुलिस के रवैये को बताया अनुचित वकीलों ने आरोप लगाया कि डीडवाना थानाधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो ने हाल ही में बार संघ के एक अधिवक्ता के साथ दुर्व्यवहार किया था। इस घटना से पूरे वकील समुदाय में रोष व्याप्त है। अधिवक्ताओं का यह भी कहना है कि पुलिस आमजन के साथ भी अच्छा व्यवहार नहीं कर रही है और वर्दी का रौब दिखाकर डराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अधिवक्ताओं की ही सुनवाई नहीं हो रही, तो आम लोगों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। वकीलों ने पुलिस के इस रवैये को अनुचित और असंवैधानिक बताते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है।