डीडवाना में बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए एक खास कार्यक्रम हुआ। इसका आयोजन राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डीडवाना ने अध्यक्ष नाहर सिंह मीणा के निर्देश पर किया। कार्यक्रम की थीम 'एक सुरक्षित स्थान जहां सपनों को पंख मिलते हैं' थी। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों, सुरक्षा और संरक्षण से जुड़ी अहम जानकारी दी। बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और परेशानी में मदद लेने का तरीका समझाया गया। कार्यक्रम का मकसद उन्हें सुरक्षित माहौल देना और अधिकारों के प्रति सजग करना था। इसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डीडवाना के सचिव विकास ऐचरा, चीफ लीगल डिफेंस काउंसिल विकास ठोलिया, डिप्टी चीफ रोहिणी बागड़ा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्ञानेन्द्र सिंह, डिप्टी चीफ हरफूल राव, शहीद सूबेदार सुरेश जेवालिया उच्च माध्यमिक स्कूल के प्रिंसिपल रामरतन गोदारा और कमला सीनियर सेकेंडरी विद्यालय के प्राचार्य सुशील गोड़ सहित कई अतिथि मौजूद थे। अतिथियों ने बच्चों के अधिकारों की जागरूकता और सुरक्षित वातावरण के महत्व पर जोर दिया।