नागौर जिले में सोमवार देर रात शुरू हुआ बारिश का दौर मंगलवार को भी जारी रहा। सुबह 9:30 बजे शुरू हुई बारिश करीब 11 बजे तक जारी रही। डीडवाना के कई गांवों खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलें खराब हो गई। डेगाना में ओले गिरने से भी किसानों को नुकसान हुआ है। मेड़ता कृषि मंडी में पानी भरने से करीब 30 हजार अनाज की बारियां भीग गईं, जिससे करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं सोमणा गांव में पोल पर बिजली गिरने से आसपास के क्षेत्र में बिजली सप्लाई बंद हो गई। अलर्ट के बाद अनाज मंडियों में की छुट्‌टी मौसम विभाग के अलर्ट के बाद आज मेड़ता और नागौर मंडियों में अवकाश घोषित कर दिया गया था। जबकि मेड़ता मंडी में बुधवार को भी अवकाश घोषित किया गया है। डीडवाना क्षेत्र में आज सुबह हुई बारिश की वजह से बांठड़ी और रणसिसर क्षेत्र में भारी बारिश की वजह से खेतों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। 30 हजार अनाज की बारियां भीगी मेड़ता मंडी के प्रमुख व्यापारी ओमप्रकाश तेतरवाल ने बताया - बारिश के कारण करीब 30 हजार अनाज की बारियां भीग गईं। खराब मौसम के चलते मंगलवार को कृषि उपज मंडी में अवकाश रहा, लेकिन एक दिन पहले 85 हजार बारियां अनाज की आवक हुई थी। अधिक आवक के कारण खुले में रखी करीब 30 हजार बारियां भीगने से व्यापारियों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। चने बराबर ओले गिरे, आज भी ऑरेंज अलर्ट मौसम विभाग ने दोनों जिलों में आज भी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। नागौर जिले के सोमणा में खम्भे पर बिजली गिरने से आसपास के इलाके में बिजली गुल हो गई है। डेगाना के चुई गांव में अल सुबह चने के आकार के ओले गिरे। डीडवाना कुचामन में सुबह 8 बजे से रुक रुक कर बारिश का दौर जारी है। वहीं नावां में भारी बारिश दर्ज की गई। घने बादलों के बीच कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश हो रही है। नागौर के मेड़ता के अलावा सांजू, रियां बड़ी, पादु कलां, खींवसर सहित अन्य इलाके भी बेमौसम बारिश की मार झेल रहे हैं। मौसम विभाग ने आज नागौर और डीडवाना कुचामन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।