डीडवाना रेलवे स्टेशन पर भारत विकास परिषद् ने शीतल जल प्रकल्प का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य भीषण गर्मी में रेल यात्रियों को राहत प्रदान करना है। कार्यक्रम का शुभारंभ क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव विनोद सेन के निर्देशन में जोगामंडी धाम के पीठाधीश्वर योगी लक्ष्मणनाथ जी महाराज के सान्निध्य में हुआ। शाखा मीडिया प्रभारी लोकेश अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष भी 30 जून तक प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक स्टेशन पर यात्रियों को ठंडा पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इस अवसर पर योगी लक्ष्मणनाथ जी महाराज ने इस सेवा कार्य को मानवता के प्रति एक पुण्य कार्य बताया। उन्होंने कहा कि गर्मी में प्यासे को पानी पिलाना सबसे बड़ा धर्म है। प्रकल्प संयोजक हंसराज सोनी ने शॉल ओढ़ाकर उनका स्वागत किया। समाजसेवी बुद्धाराम गरवा और उपप्रधान ओमप्रकाश लील ने परिषद् के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे मानव सेवा का श्रेष्ठ उदाहरण बताया। क्षेत्रीय संयुक्त महासचिव विनोद सेन ने परिषद् के सिद्धांतों-संपर्क, सहयोग, सेवा, संस्कार और समर्पण पर प्रकाश डालते हुए इस प्रकल्प को इन मूल्यों का जीवंत उदाहरण बताया।