डीडवाना के रानी गांव में संत गंगाधर महाराज का 61वां पुण्यतिथि महोत्सव गुरुवार को महाआरती के साथ शुरू हो गया। इसी के साथ गांव में सात दिवसीय अखंड ताल सप्ताह का भी आगाज हुआ। आयोजन समिति के अनुसार अखंड संकीर्तन 23 सितंबर तक लगातार चलेगा। इस दौरान दिन-रात भक्ति गीतों और ताल की गूंज से गांव का माहौल भक्तिमय बना रहेगा। महोत्सव को लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है। महोत्सव के तहत 22 सितंबर को 'एक शाम संत गंगाधर महाराज के नाम' विशाल भजन संध्या होगी। इसमें प्रसिद्ध भजन गायक प्रकाश माली अपने भजन पेश करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। वहीं, 23 सितंबर को संत गंगाधर महाराज का भव्य मेला लगेगा। मेले में शामिल होने के लिए देश के अलग-अलग शहरों में रहने वाले प्रवासी भी बड़ी संख्या में रानी गांव पहुंच रहे हैं। मेले के दिन शाम को भव्य आरती के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही सात दिवसीय पुण्यतिथि महोत्सव का समापन होगा। कार्यक्रम की तैयारियों में सभी ग्रामवासी और नवयुवक मंडल के कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हैं। गांव में श्रद्धालुओं के लिए कई व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पूरे रानी गांव में धार्मिक और उत्सव का माहौल है।