डीडवाना में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस-2026 के अवसर पर सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट वीसी कक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जयपुर के बिड़ला ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह का सीधा प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्टूडेंट्स, नवप्रवर्तकों और शोधकर्ताओं को प्रोत्साहित करना था। स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल के स्टूडेंट्स एवं शिक्षकों ने इसमें भाग लिया। स्टूडेंट्स ने अपने तैयार किए गए विभिन्न वैज्ञानिक एवं तकनीकी मॉडल प्रदर्शित कर अपनी नवाचार प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राज्य स्तरीय समारोह के तहत विज्ञान एवं नवाचार आधारित प्रदर्शनी, कार्यशील वैज्ञानिक एवं तकनीकी मॉडल प्रतियोगिता, विज्ञान क्लबों के साथ संवाद और नवप्रवर्तकों का सम्मान जैसी विभिन्न तकनीकी गतिविधियों का आयोजन किया गया। स्टूडेंट्स ने मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना और विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा प्राप्त की। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर विकास मोहन भाटी, राजकीय बांगड़ कॉलेज की प्रिंसिपल मनीषा गोदारा, जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह देथा, सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के उपनिदेशक शिवराज सोनी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं शिक्षक मौजूद रहे।