डीडवाना में जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। यह बैठक एसपी कार्यालय सभागार में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों की एफआईआर और चालान को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के एसजेएमएस पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपलोड करने के संबंध में थी। बैठक में एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत दर्ज प्रत्येक प्रकरण में पीड़ित एवं आश्रितों को नियमानुसार आर्थिक सहायता समय पर उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सभी दस्तावेज निर्धारित समय सीमा में एसजेएमएस पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिमांशु शर्मा ने थानों पर कार्यरत एचएम क्राइम को विशेष रूप से निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि एससी/एसटी अधिनियम के मामलों में आर्थिक सहायता के भुगतान से संबंधित आवश्यक दस्तावेज नियमानुसार 7 दिवस के भीतर एसजेएमएस पोर्टल पर अपलोड करना सुनिश्चित करें।