डीडवाना-थानू मार्ग पर एक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 8 लोग घायल हो गए। यह घटना थानू और घीरड़ोदा गांव के बीच हुई, जहां डीडवाना की ओर आ रही एक कार बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार कई बार पलटी खा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। घायलों में एक बच्चे सहित 4 महिलाएं शामिल हैं। सूचना मिलते ही टोल एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए बांगड़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार सभी घायल घीरड़ोदा गांव के निवासी हैं। वे निजी कार्य और अस्पताल में जांच के लिए डीडवाना आ रहे थे। इसी दौरान ड्राइवर का गाड़ी से कंट्रोल हट गया और कार पेड़ से जा टकराई। घायलों की पहचान अल्फाज (12) पुत्र जाकिर खान, मकसूद (38) पुत्र हुसैन खान, तारीफ (32) पुत्र पप्पू खान, जाकिर हुसैन (46) पुत्र निजामुद्दीन खान, अफसाना (26) पत्नी इमरान खान, मोबिना (35) पत्नी जाकिर हुसैन, रुखसाना (30) पत्नी आरिफ और परबीना (46) पत्नी आलम के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, सभी घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।