डीग के अगरदत्ता हनुमान महादेव मंदिर में सोमवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। भगवान सोमनाथ मंदिर पर प्रथम विदेशी आक्रमण के 1000 साल तथा मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 साल पूरे होने पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, बड़ी संख्या में श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में गृह राज्य मंत्री और जिला कलेक्टर ने हरि झंडी दिखाकर भव्य कलश यात्रा को रवाना किया। मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल अगरदत्ता हनुमान महादेव जी मंदिर परिसर में आयोजित सोमनाथ स्वाभिमान पर्व में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। धार्मिक अनुष्ठानों और पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने मंदिर में विधिवत पूजा कर प्रदेश और देश की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर डीग जिला कलेक्टर मयंक मनीष, अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां, उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह सहित प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर नजर आया। सोमनाथ पर हमला हमारी संस्कृति पर हमला था- जवाहर सिंह बेढ़म मीडिया से बातचीत करते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि आज पूरा देश सोमनाथ स्वाभिमान पर्व मना रहा है। उन्होंने कहा कि एक हजार वर्ष पहले विदेशी आक्रांताओं ने भगवान सोमनाथ मंदिर पर हमला कर सनातन संस्कृति और भारतीय आस्था को चोट पहुंचाने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि इसके बाद सनातन संस्कृति के पुरोधाओं ने संघर्ष और संकल्प के बल पर मंदिर का पुनर्निर्माण कराया। आज उसी पुनर्निर्माण की 75वीं वर्षगांठ देशभर में गौरव और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। नई पीढ़ी को संस्कृति से जोड़ने का संदेश राज्य मंत्री बेढ़म ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को अपनी ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक मूल्यों से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयोजन के माध्यम से नई पीढ़ी को सनातन संस्कृति, इतिहास और भारतीय गौरव से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी को समझेगी और उसे आगे बढ़ाने का कार्य करेगी। हरि झंडी दिखाकर रवाना की गई कलश यात्रा कार्यक्रम के समापन पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म और जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने हरि झंडी दिखाकर कलश यात्रा को रवाना किया। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और महिलाओं ने भाग लिया। धार्मिक जयकारों और भक्ति गीतों के बीच निकली यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया। प्रशासनिक व्यवस्थाओं की सराहना गृह राज्य मंत्री ने कार्यक्रम के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए डीग जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन और स्थानीय लोगों के सहयोग से यह आयोजन भव्य रूप में संपन्न हुआ, जिसने धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का संदेश दिया।