डीग जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कार्रवाई की है। एसपी शरण गोपीनाथ के. के निर्देश पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें एक आरोपी को अवैध शराब के साथ, जबकि तीन अन्य को अवैध हथियारों सहित पकड़ा गया। कोतवाली पुलिस ने नई सड़क क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए सुशील (24) निवासी नई सड़क, डीग को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 96 पव्वे देसी शराब और 27 पव्वे अंग्रेजी शराब सहित कुल 123 पव्वे बरामद किए गए। जुरहरा थाना पुलिस ने एक सूचना के आधार पर तहसील के पास दबिश दी और अजरुद्दीन उर्फ कालू (22) निवासी जुरहरी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 315 बोर का एक अवैध देसी कट्टा बरामद हुआ। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। इसी तरह खोह थाना पुलिस ने निगोही मार्ग पर कार्रवाई करते हुए बंटी (19) निवासी बरई को पकड़ा। उसके कब्जे से भी 315 बोर का एक अवैध कट्टा बरामद किया गया। कामां थाना पुलिस ने भी कार्रवाई करते हुए इंसाफ (19) निवासी लाडलाका को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक अवैध देसी टोपीदार बंदूक बरामद हुई है।