डीग में विष्णु के छठवें अवतार भगवान परशुराम का जन्मोत्सव रविवार शाम धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर शहर के प्रमुख मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसका विभिन्न सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया। ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष रमेश लवानिया और यात्रा संयोजक खगेंद्र शर्मा खग्गू ने बताया कि सुबह 8 बजे राधा बल्लभ मंदिर में भगवान परशुराम का अभिषेक किया गया। पंडित मोहन बंशी वाले ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा-अर्चना कराई और सतुआ का प्रसाद वितरित किया गया। दोपहर तीन बजे शोभायात्रा राधा बल्लभ मंदिर से शुरू हुई। यह शहर के मुख्य बाजार, नीलकंठेश्वर महादेव, लोहा मंडी, चौधरी का कटरा, गोवर्धन गेट, किला, पुराना बस स्टैंड, गणेश मंदिर और पुरानी अनाज मंडी होते हुए अपने गंतव्य स्थान पर पहुंची। शोभायात्रा का मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों और समाजों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। लोगों ने भगवान परशुराम की आरती उतारी और जलपान की व्यवस्था की। डीग-कुम्हेर विधायक डॉ. शैलेष सिंह ने शोभायात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान समाज की महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण किए चल रही थीं, जबकि युवा 'भगवान परशुराम की जय' के जयघोष कर रहे थे। इस अवसर पर समाज के वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूती मिलती है। विधायक डॉ. शैलेष सिंह ने कहा कि भगवान परशुराम का जीवन अन्याय के खिलाफ संघर्ष, तपस्या, गुरुभक्ति और धर्म की स्थापना का प्रतीक है। इस मौके पर मनोहर लाल शर्मा, रमाकांत एडवोकेट, पंकज पाराशर, लोकेन्द्र शर्मा, भोली शर्मा, दिनेश पाराशर, राहुल लवानिया, सोहन लाल शर्मा प्रेम, शिवचरन शर्मा, हरिशंकर शर्मा, ज्योति शर्मा, बबीता शर्मा, सुरेश पूंछरी, विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष इंद्रमोहन शर्मा, युवा जिला अध्यक्ष मोहित पाराशर, ओमा शर्मा, रवि शर्मा, मयंक शर्मा, धीरज शर्मा, गुलाब शर्मा, गिरीश शर्मा, सचिन शर्मा, हरिकृष्ण एडवोकेट, फटू शर्मा सहित बड़ी संख्या में विप्र समाज के लोग मौजूद थे।