डीग जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन एंटी वायरस' अभियान के तहत कैथवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर सस्ते सामान का लालच देकर ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, साथ ही 1 नाबालिग को डिटेन किया है। एसपी कांबले शरण गोपीनाथ ने बताया कि साइबर सेल को हेल्पलाइन नंबर 1930 पर लगातार ठगी की शिकायतें मिल रही थीं। तकनीकी विश्लेषण से पता चला कि इन नंबरों की टावर लोकेशन कैथवाड़ा बांध के पास थी। सूचना के आधार पर कैथवाड़ा थाने के एएसआई जोगेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर 5 संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहिल (घघवाड़ी), अरबाज (बुआपुर गढ़ी), साबिर (जमालगढ़, हरियाणा), आमिर (कैथवाड़ा) और साहिल (खेड़ा) के रूप में हुई है। चोरी के मोबाइलों में फर्जी सिम से करते थे वारदात पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी के मोबाइलों में फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल करते थे। वे फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया साइट्स पर महंगे मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के बेहद सस्ते विज्ञापन डालते थे। जब कोई ग्राहक उनसे संपर्क करता, तो वे सामान भेजने के बहाने 'एडवांस पेमेंट' या 'डिलीवरी चार्ज' अपने खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे। पुलिस को आरोपियों के पास से बरामद मोबाइलों में साइबर धोखाधड़ी से संबंधित कई संदिग्ध चैट और लेनदेन के सबूत मिले हैं। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, इन आरोपियों के खिलाफ साइबर हेल्पलाइन पर पहले से ही 8 शिकायतें दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इनके तार किन-किन राज्यों से जुड़े हैं।