डीग जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ 'ऑपरेशन पृथ्वी' के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक नाबालिग को डिटेन किया गया है। पुलिस ने अवैध खनन में इस्तेमाल किए जा रहे 2 हाईवा ट्रक और 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां भी जब्त की हैं। एसपी कांबले शरण गोपीनाथ के निर्देश पर कामां थाना पुलिस की टीम ने विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर अवैध खनन से जुड़े वाहनों के खिलाफ यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक गोविंद प्रसाद ने पुलिस बल के साथ कस्बा कामां के कोर्ट तिराहे पर नाकाबंदी की। इस दौरान अवैध खनन की गिट्टी से ओवरलोड 2 हाईवा ट्रक बिना वैध दस्तावेजों के तेज गति और लापरवाही से चलते हुए पकड़े गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर उनके चालकों अकरम (37) पुत्र पलटू और जाहिद (27) पुत्र हुरमत, दोनों निवासी बिलंग, को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ एमएमडीआर एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। इसी दिन,? दूसरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक अन्तूलाल ने अपनी टीम के साथ बरसाना रोड पर अभियान चलाया। जांच के दौरान, अवैध खनन की गिट्टी से भरी 5 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बिना रॉयल्टी, टीपी और रवन्ना के मिलीं। पुलिस ने सभी वाहनों को जब्त करते हुए 4 आरोपियों प्रेमसिंह पुत्र इन्द्रजीत (बोरा), दिनेश पुत्र ईश्वर सिंह (आजनोक, मथुरा), फूल सिंह पुत्र सोनीराम (अकबरपुर) और वीरेन्द्र सिंह पुत्र भिक्की सिंह (सुनैहरा) को गिरफ्तार किया। एक किशोर को भी निरुद्ध किया गया।