डीग की कोतवाली थाना पुलिस ने गोवर्धन (उत्तर प्रदेश) पुलिस पर हुए हमले के मामले में2 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार यह घटना 5 दिसंबर 2025 को हुई थी। गोवर्धन थाना पुलिस किडनैप के एक मामले में वांछित आरोपी का पीछा करते हुए डीग थाना क्षेत्र के इकलैरा गांव पहुंची थी। आरोपी को पकड़ने के दौरान उसके परिजनों और अन्य लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस हमले में पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई और सरकारी कार्य में बाधा डाली गई। हमलावरों ने एक उपनिरीक्षक का मोबाइल भी छीन लिया था। इस संबंध में डीग थाने में मामला दर्ज किया गया था। कोतवाली थाना प्रभारी रामनरेश मीणा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने सूचना के आधार पर दबिश देकर वांछित आरोपी धारा (25) पुत्र सुनहरी और गुड्डी (50) पत्नी सुनहरी निवासी इकलैरा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।