डीग पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे 'ऑपरेशन पृथ्वी' के तहत बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान के तहत अवैध बजरी परिवहन में इस्तेमाल हो रहे 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 1 डंपर को जब्त किया गया है। पुलिस ने इस मामले में 4​ आरोपियों को भी गिरफ्तार किया है। एसपी शरण गोपीनाथ के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। थाना कामां पुलिस और क्यूआरटी डीग की संयुक्त टीम ने कामां कस्बे के देवीगेट पर नाकाबंदी की। इस दौरान बिना वैध रवन्ना के केशर बजरी और डस्ट का परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 1 डंपर को पकड़ा गया। इसके अलावा कार्रवाई के दौरान बिना रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (आरसी), बीमा और ड्राइविंग लाइसेंस के चल रहे 4 अन्य डंपरों को भी जब्त कर थाना परिसर में खड़ा किया गया। उपनिरीक्षक गोविंद प्रसाद ने बताया कि राजस्थान उच्च न्यायालय ने केशर बजरी के अवैध खनन और परिवहन पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके बावजूद कुछ लोग अवैध रूप से बजरी का परिवहन कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा रहे थे। पुलिस ने इस मामले में बलवीर (36), निवासी सुन्हैरा (कामां) और बिजेंद्र सिंह (49), निवासी बरसाना, मथुरा (उत्तर प्रदेश) सहित कुल 4 ड्राइवरों को गिरफ्तार किया है।