डीग में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत नवनिर्मित रेलवे स्टेशन के 17 जुलाई को प्रस्तावित उद्घाटन से पहले आरक्षण काउंटर शुरू कराने की मांग तेज हो गई है। भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष गिरीश शर्मा ने उत्तर मध्य रेलवे के डीआरएम के नाम अपने खून से पत्र लिखकर ज्ञापन सौंपा और चेतावनी दी कि यदि उद्घाटन से पहले रिजर्वेशन काउंटर शुरू नहीं किया गया तो उद्घाटन समारोह का बहिष्कार किया जाएगा। खून से लिखा पत्र, स्टेशन मास्टर को सौंपा ज्ञापन गिरीश शर्मा ने उत्तर मध्य रेलवे, आगरा मंडल के डीआरएम के नाम अपने खून से पत्र लिखकर ज्ञापन स्टेशन मास्टर को सौंपा। उन्होंने कहा कि 17 जुलाई को स्टेशन का उद्घाटन प्रस्तावित है, लेकिन अब तक आरक्षण खिड़की शुरू नहीं की गई है। 'बुनियादी सुविधा नहीं तो उद्घाटन कैसा?' ज्ञापन में शर्मा ने सवाल उठाया कि जब यात्रियों को टिकट आरक्षण जैसी मूलभूत सुविधा ही उपलब्ध नहीं होगी, तो स्टेशन के उद्घाटन का क्या औचित्य है? उन्होंने मांग की कि उद्घाटन से पहले ही आरक्षण काउंटर संचालित किया जाए, ताकि यात्रियों को स्टेशन का वास्तविक लाभ मिल सके। बहिष्कार की चेतावनी शर्मा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि 17 जुलाई से पहले आरक्षण खिड़की शुरू नहीं की गई, तो वे उद्घाटन समारोह का बहिष्कार करेंगे। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी। लंबे समय से है सुविधा का इंतजार गिरीश शर्मा ने कहा कि डीग क्षेत्र के लोग लंबे समय से रेलवे आरक्षण सुविधा का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि स्टेशन का आधुनिकीकरण तभी सार्थक होगा, जब यात्रियों को आरक्षण सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने रेलवे प्रशासन से उद्घाटन से पहले सभी जरूरी यात्री सुविधाएं शुरू करने की मांग की।