जिला परिषद चुनाव के तहत गुरुवार को नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होने के साथ ही सभी 47 सीटों पर चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। बागी और निर्दलीय 6 प्रत्याशियों के पर्चे वापस लेने के बाद अब मैदान में 126 उम्मीदवार डटे हैं। साथ ही राजनीतिक दांव-पेच के साथ-साथ प्रत्याशियों का धनबल भी जोर-शोर से चर्चा में है। नामांकन पत्रों के साथ दाखिल संपत्ति के ब्योरे से साफ है कि इस चुनावी दंगल में दोनों प्रमुख दलों के कई दिग्गज और करोड़पति चेहरे किस्मत आजमा रहे हैं। नामांकन पत्रों के विश्लेषण के मुताबिक संपत्ति के मामले में भाजपा प्रत्याशी हिम्मतसिंह झाला 62.93 करोड़ रुपए की चल-अचल संपत्ति के साथ सबसे आगे (शीर्ष पर) हैं। दूसरी तरफ कांग्रेस खेमे से पूर्व देहात जिलाध्यक्ष लालसिंह झाला 3.99 करोड़ रुपए की संपत्ति के साथ पार्टी के सबसे अमीर प्रत्याशियों में शामिल हैं। भाजपा के अन्य प्रमुख अमीर प्रत्याशियों में चंद्रगुप्त सिंह चौहान (12.51 करोड़) और पूर्व विधायक नानालाल अहारी (8.58 करोड़) शामिल हैं। समझाइश काम आई: नाम वापसी में दोनों दलों के नेताओं की समझाइश रंग लाई। सबसे महत्वपूर्ण घटनाक्रम वार्ड 37 में रहा, जहां निर्दलीय उदयलाल डांगी ने भाजपा प्रत्याशी हिम्मतसिंह झाला के समर्थन में नाम वापस ले लिया। निर्वाचन विभाग की अधिकृत सूची के अनुसार वार्ड 14 से धरमचंद, वार्ड 15 से लालूराम और वार्ड 32 से दिगपाल सिंह ने नाम वापस लिए हैं। तीनों कांग्रेस विचारधारा के हैं। वार्ड 8 से प्रताप सिंह गरासिया ने पर्चा वापस लिया। एबीवीपी से जुड़े गरासिया कोटड़ा में सक्रिय रहे हैं। वार्ड 21 से रूपचंद ने भी नाम वापसी की है। चर्चित चेहरे: लखपति तो हैं ही, 10वीं पास से नीचे कोई नहीं हिम्मतसिंह झाला (भाजपा - वार्ड 37, अनारक्षित ओपन): उम्र 42 वर्ष, शिक्षा एमए, पेशा व्यापार, आपराधिक केस शून्य, संपत्ति 62.93 करोड़ रुपए।
चंद्रगुप्त सिंह चौहान (भाजपा - वार्ड 40, अनारक्षित ओपन): उम्र 66 वर्ष, शिक्षा पीएचडी, पेशा पेंशन व किराया, आपराधिक केस शून्य, संपत्ति 12.51
करोड़ रुपए।
नानालाल अहारी (भाजपा - वार्ड 22, एसटी ओपन): पूर्व विधायक, उम्र 67 वर्ष, शिक्षा सेकंडरी, पेशा मार्बल व्यवसाय व कृषि, आपराधिक केस शून्य, संपत्ति 8.58 करोड़ रुपए। लालसिंह झाला (कांग्रेस - वार्ड 2, अनारक्षित ओपन): उम्र 65 वर्ष, शिक्षा 12वीं, पेशा परिवहन व कृषि, आपराधिक केस शून्य, संपत्ति 3.99 करोड़ रुपए। दलीचंद डांगी (भाजपा - वार्ड 43, अनारक्षित ओपन): पूर्व विधायक, उम्र 60 वर्ष, शिक्षा 10वीं, पेशा कृषि व पेंशन, आपराधिक केस शून्य, संपत्ति 3.93 करोड़ रुपए। मुरारी लाल बुंबरिया (भाजपा - वार्ड 7, एसटी ओपन): उम्र 60 वर्ष, शिक्षा 10वीं, पेशा खेती व व्यवसाय, आपराधिक केस शून्य, संपत्ति 2.74 करोड़ रुपए। राज सिंह झाला (कांग्रेस - वार्ड 32, अनारक्षित ओपन): उम्र 45 वर्ष, शिक्षा एमकॉम, पेशा व्यवसाय, आपराधिक केस शून्य, संपत्ति 1.71 करोड़ रुपए। ललित सिंह सिसोदिया (भाजपा - वार्ड 35, अनारक्षित ओपन): देहात महामंत्री व पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष, उम्र 31 वर्ष, शिक्षा पीएचडी व एलएलबी, पेशा वकालत, आपराधिक केस शून्य, संपत्ति 86.84 लाख रुपए। प्रतिभा नागदा (भाजपा- वार्ड 45, अनारक्षित महिला): उम्र 37 वर्ष, शिक्षा एमबीए व एमकॉम, पेशा ट्यूशन टीचर, आपराधिक केस शून्य, संपत्ति 56.67 लाख रु.। नाथूलाल मेघवाल (कांग्रेस - वार्ड 46, एससी ओपन): उम्र 56 वर्ष, शिक्षा 10वीं, पेशा कृषि, आपराधिक केस शून्य, संपत्ति 21 लाख रुपए। शांतिलाल डांगी (कांग्रेस - वार्ड 43, अनारक्षित ओपन): उम्र 40 वर्ष, शिक्षा 12वीं, पेशा व्यापार, आपराधिक केस शून्य, संपत्ति 13.01 लाख रुपए। पूर्व विधायक व विधायक पुत्र के बीच हाईप्रोफाइल मुकाबला, उच्च शिक्षित भाजपा प्रत्याशी ललित 86.84 लाख के मालिक नामांकन वापसी का समय समाप्त होने के बाद चुनावी तस्वीर पूरी तरह साफ हो चुकी है। कई वार्डों में बड़े चेहरों के बीच कड़े मुकाबले बन रहे हैं। वार्ड 43 (पूर्व विधायक बनाम विधायक पुत्र): सबसे हाईप्रोफाइल मुकाबला पूर्व भाजपा विधायक दलीचंद डांगी और वर्तमान कांग्रेस विधायक पुष्कर डांगी के बेटे शांतिलाल डांगी के बीच है। कांग्रेस विधायक के लिए अपने बेटे को राजनीति में स्थापित करने के लिहाज से यह चुनाव करियर का बड़ा टास्क माना जा रहा है। वार्ड 37 (झाला बनाम जाट): वल्लभनगर क्षेत्र से पूर्व विधानसभा प्रत्याशी हिम्मत सिंह झाला का मुकाबला कांग्रेस समर्थित देवीलाल जाट से है, जिनकी पत्नी पूर्व में पंचायत समिति सदस्य रह चुकी हैं। वार्ड 2: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता लालसिंह झाला का मुकाबला भाजपा के भोपाल सिंह देवड़ा से है।
वार्ड 32: कांग्रेस के राजसिंह झाला के सामने राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष अर्जुनसिंह चूंडावत हैं।
वार्ड 7: भाजपा के पूर्व प्रधान मुरारी लाल बुंबरिया की टक्कर कांग्रेस के रिटायर्ड टीचर बाबूलाल बुंबरिया से हो रही है।
वार्ड 40: भाजपा के पूर्व देहात जिलाध्यक्ष चौहान के सामने क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखने वाले गणेशलाल जाट मैदान में हैं।
अन्य मुकाबले : टिकट पाने में कामयाब रहे भाजपा के अनिल जारोली का मुकाबला कांग्रेस के अरविंद सिंह पाटिया से है। देहात महामंत्री व पूर्व भाजयुमो जिलाध्यक्ष ललित सिंह पीएचडी होल्डर और अधिवक्ता हैं।