भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन ने संगम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में "कोर्ट वाली दीदी" शिकायत पेटी लगाकर शुरुआत की। वहीं क्लास लेते हुए विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। जिला न्यायाधीश जैन ने गुरुवार को संगम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में क्लास लेकर विद्यार्थियों को साइबर बुलिंग, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग जैसे विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए सतर्क रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सोशल मीडिया का सोच-समझकर उपयोग करने, व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचने तथा किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल से दूर रहने की सलाह दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सवाल पूछे, जिनका न्यायाधीश जैन ने समाधान किया। उन्होंने इस अवसर पर विद्यालय में कोर्ट वाली दीदी शिकायत पेटी लगाकर शुरुआत की। इस पहल के तहत जिले के विभिन्न स्कूलों में विशेष शिकायत पेटी लगाई जाएगी, जिसमें छात्र-छात्राएं अपनी समस्याएं, शिकायतें और सवाल लिखकर डाल सकते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव विशाल भार्गव ने बताया कि विद्यार्थियों को सुरक्षित और भरोसेमंद वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक नई पहल कोर्ट वाली दीदी शिकायत पेटी की शुरुआत की गई है। इसमें छात्र-छात्राएं अपनी समस्याएं, शिकायतें और सवाल लिखकर डाल सकते हैं। इस योजना की खास बात यह है कि पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने से बच्चों को बिना किसी डर या संकोच के अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा। विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम इन शिकायतों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। महत्वपूर्ण हेल्पलाईन नम्बर भीलवाडा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, 8306002107, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साईबर क्राइम 1930, मुफ्त कानूनी सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन नम्बर 15100 पर संपर्क कर सकते हैं। "कोर्ट वाली दीदी से विद्यार्थी बिना डरे कर सकेंगे अपनी बात