डूंगरपुर| डॉ. मोहित माहार की संदिग्ध मौत के मामले में चिकित्सक संघ ने कलेक्टर देशलदान को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि डॉ. मोहित माहार 28, निवासी छोटा डूंगरा जिला बांसवाड़ा अपने मित्र की शादी में शामिल होने के लिए प्रतापगढ़ जिले के पीपलखूंट थाना क्षेत्र के बोरी गांव गया था। इसके बाद वह लापता हो गया और चार दिन बाद 18 अप्रैल को उसका शव गांव के पास स्थित एक कुएं में मिला। वर्तमान में पुलिस थाना पीपलखूंट से जांच की जा रही है, लेकिन चिकित्सकों ने जांच की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग की है। इस अवसर पर अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. विपिन मीणा, डॉ. रोहित, डॉ. संजय, डॉ. विपुल दायमा सहित अधिकारी उपस्थित रहे।