जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (JVVNL) के कार्मिक अधिकारी डॉ. अभिनव शर्मा का झालावाड़ से अलवर स्थानांतरण कर दिया गया है। उन्होंने झालावाड़ में लगभग साढ़े तीन वर्ष तक अपनी सेवाएं दीं। अपने कार्यकाल के दौरान डॉ. शर्मा ने प्रशासनिक कार्यों के साथ-साथ कार्मिक कल्याण और विभागीय व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल कीं। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और कार्यालयीन प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान दिया। शर्मा ने विभिन्न नवाचारों के माध्यम से कार्य संस्कृति को सुदृढ़ बनाने का प्रयास किया, जिसकी कर्मचारियों और अधिकारियों ने सराहना की। उनके प्रयासों से कार्मिक हितों से जुड़े अनेक कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुए। स्थानांतरण के अवसर पर झालावाड़ में कार्मिकों ने उनका स्वागत कर विदाई दी। शर्मा ने अपने कार्यकाल में वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और कर्मचारियों के सहयोग को अपनी उपलब्धियों का आधार बताया। उन्होंने कहा कि झालावाड़ में मिला स्नेह, विश्वास और सहयोग उन्हें हमेशा याद रहेगा, और यहां बिताया समय उनके प्रशासनिक जीवन का एक महत्वपूर्ण अध्याय है।