बांसवाड़ा| नगरपरिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 47 स्थित भागाकोट कॉलोनी में बदहाल सफाई व्यवस्था ने हालात बिगाड़ दिए हैं। यहां नाला जाम होने से गंदा पानी सड़कों से होते हुए अब लोगों के घरों के बाहर तक पहुंच रहा है। हालात इतने खराब हैं कि कॉलोनी में रहना मुश्किल हो गया है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौन साधे हुए हैं। स्थानीय निवासी रवि कुमार ने बताया कि नाले की नियमित सफाई नहीं होने से पानी की निकासी पूरी तरह ठप हो गई है। नतीजतन गंदा पानी जमा हो रहा है, जिससे बदबू फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा भी लगातार बना हुआ है। वार्डवासियों का कहना है कि वे कई बार नगरपरिषद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला। समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों में अब आक्रोश बढ़ता जा रहा है और उन्होंने जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। बांसवाड़ा| शहर से सटे ठीकरिया क्षेत्र में सड़क किनारे लगे कचरे के ढेर अब रहवासियों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि बदबू और गंदगी के कारण आसपास रहने वाले लोग बीमार पड़ने लगे हैं, वहीं संक्रमण फैलने की आशंका हर समय बनी हुई है। इसके बावजूद नगर परिषद प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। विशाल जोशी सहित स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्राम पंचायत ठीकरिया को नगर परिषद सीमा में शामिल किए जाने के बाद से ही यह समस्या और बढ़ गई है। नियमित सफाई और कचरा उठाव नहीं होने के कारण यहां कचरे का अंबार लग गया है। सड़क किनारे जमा कचरा न केवल दुर्गंध फैला रहा है, बल्कि मच्छरों और आवारा जानवरों का भी अड्डा बन चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।