डीडवाना की ग्राम पंचायत दूदौली में नए पशु अस्पताल भवन का शिलान्यास किया गया। पशुधन की बेहतर देखभाल और चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ ग्राम पंचायत प्रशासक सुनीता कलवानिया और ग्रामीणों ने मंत्रोच्चार के साथ किया। इस अवसर पर पशु चिकित्सा विभाग के डॉ. महेंद्र काला ने ग्रामीणों को पशु स्वास्थ्य और समय पर उपचार के महत्व के बारे में जानकारी दी। इस चिकित्सालय के निर्माण के लिए स्थानीय भामाशाह लालाराम गोदारा (सुपुत्र किशना राम गोदारा) ने अपनी निजी भूमि दान की है। उनके इस सराहनीय योगदान के लिए ग्रामीणों ने आभार व्यक्त करते हुए साफा पहनाकर उनका सम्मान किया। ग्रामीणों के अनुसार, इस पशु चिकित्सालय के बनने से क्षेत्र के पशुपालकों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे उनके समय और संसाधनों की बचत होगी। शिलान्यास कार्यक्रम में राम सिंह, नानूराम भाटी, जितेंद्र सिंह, हनुमान गोदारा, ईश्वर राम गोदारा, रामनिवास खीचड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को गांव के विकास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।