डूंगरपुर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला विशेष टीम (DST) ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक क्रेटा कार से 61 पेटी विभिन्न ब्रांड की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है, जिसकी बाजार कीमत करीब 3 लाख रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देश पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ यह अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डीएसटी टीम को धंबोला थाना क्षेत्र में अवैध शराब के परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने नया गांव हड़मतिया तिराहे के पास नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध क्रेटा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन ड्राइवर नाकाबंदी तोड़कर भागने लगा। कुछ दूरी पर ड्राइवर कार छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली, जिसमें 61 पेटी अवैध शराब भरी मिली। पुलिस ने कार और जब्त शराब को धंबोला थाने को अग्रिम कार्रवाई के लिए सौंप दिया है। इस कार्रवाई में डीएसटी टीम के हेड कांस्टेबल मदनलाल सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।