डूंगरपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और चुनावी तैयारियों के मद्देनजर बूथ और शक्ति केंद्र स्तर पर संगठन को मजबूत करने का अभियान तेज कर दिया है। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर डूंगरपुर जिला संगठन ने बूथ एवं शक्ति केंद्र संरचना के गठन का कार्य शुरू किया है। इस अभियान के लिए जिला स्तर पर पांच सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। भाजपा जिला महामंत्री पंकज जैन ने बताया कि जिला अध्यक्ष अशोक पटेल रणोली की अनुशंसा पर जिला उपाध्यक्ष हंसमुख पंड्या को बूथ एवं शक्ति केंद्र संरचना का जिला संयोजक बनाया गया है। जिला उपाध्यक्ष जवाहर भाटिया, धनेश्वर अहारी, करुण ननोमा और जिला प्रवक्ता राजेश पाटीदार को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। यह टीम जिले के सभी मंडलों के साथ समन्वय स्थापित कर तय समय सीमा में संगठनात्मक ढांचे को पूरा करेगी। जिला मीडिया प्रभारी गुणवंत कलाल ने जानकारी दी कि जिले के 1299 बूथों पर संगठनात्मक संरचना तैयार करने के साथ सभी शक्ति केंद्रों का गठन और सत्यापन कार्य 30 जुलाई तक पूरा किया जाएगा। कार्य पूरा होने के बाद इसकी पूरी रिपोर्ट प्रदेश भाजपा कार्यालय को भेजी जाएगी। इस अभियान के दौरान मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर के पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठकें आयोजित कर संगठनात्मक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा। भाजपा संगठन में बूथ सबसे महत्वपूर्ण इकाई है। बूथ समितियां मतदाताओं से नियमित संपर्क बनाए रखने, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने और संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का कार्य करती हैं। वहीं, शक्ति केंद्र कई बूथों के बीच समन्वय स्थापित करते हैं, साथ ही बूथ समितियों का मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और संगठनात्मक समीक्षा की जिम्मेदारी निभाते हैं। भाजपा नेतृत्व का मानना है कि एक मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन की पहचान है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में बूथ और शक्ति केंद्रों को सक्रिय एवं सशक्त बनाने का अभियान चलाया जा रहा है, ताकि संगठन की पहुंच प्रत्येक कार्यकर्ता और मतदाता तक प्रभावी ढंग से सुनिश्चित हो सके।