डूंगरपुर के ओबरी थाना क्षेत्र के राजपुर गांव में एक बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की पत्नी की लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी। वारदात सोमवार सुबह उस समय हुई, जब महिला का पति काम से बाहर गया हुआ था। आरोपी ने कमरे में घुसकर महिला के सिर पर ताबड़तोड़ हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पति के बाहर जाते ही कमरे में घुसा आरोपी ओबरी थानाधिकारी रमेश कुमार ने बताया कि राजपुर गांव निवासी शांतिलाल भगोरा पिछले करीब 20 सालों से बाहर मजदूरी करता था। वह पिछले पांच महीने से गांव में ही रह रहा था। उसका छोटा भाई जीवतराम एक फाइनेंस कंपनी में काम करता है। सोमवार सुबह जीवतराम काम के सिलसिले में बांसवाड़ा जिले के कुशलगढ़ चला गया था। उसके घर से निकलते ही बड़ा भाई शांतिलाल छोटे भाई के कमरे में पहुंच गया। वहां उसने जीवतराम की पत्नी प्रमिला पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। सिर पर वार से मौके पर ही मौत बताया जा रहा है कि आरोपी ने प्रमिला के सिर पर लगातार वार किए। महिला की चीख-पुकार सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। गंभीर चोट लगने से प्रमिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलते ही ओबरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड समेत अन्य सबूतों की जांच की। पीहर पक्ष ने किया हंगामा घटना की जानकारी मिलते ही मृतका प्रमिला का पीहर पक्ष भी राजपुर गांव पहुंच गया। परिजनों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई और मौके पर हंगामा किया। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब कई घंटों तक समझाइश के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सागवाड़ा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं पुलिस ने आरोपी जेठ शांतिलाल को हिरासत में ले लिया है। हालांकि, उसने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद या अन्य कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल ओबरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।