डूंगरपुर कोतवाली थाना पुलिस ने "ऑपरेशन स्वच्छता" के तहत अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 7.70 ग्राम ब्राउन शुगर जब्त की गई है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करने के साथ ही घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी और मोबाइल भी जब्त किया है। कोतवाली थानाधिकारी अजयसिंह राव ने बताया कि मांडवा रोड पर टाइगर हिल क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्ध युवकों को रोका। इस कार्रवाई को एसआई अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, पंकज कुमार, महिपाल और रणछोड़लाल की टीम ने अंजाम दिया। तलाशी लेने पर स्कूटी की डिक्की से प्लास्टिक की थैली में भरा ब्राउन शुगर बरामद हुआ। इसका वजन 7.70 ग्राम पाया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवाडेरा निवासी ओमप्रकाश (28) और नवाडेरा मस्जिद के पास निवासी सफात शेख (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ओमप्रकाश एक हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में 12 मामले दर्ज हैं। सफात शेख के खिलाफ भी पहले आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे की सामग्री खरीदकर खुद सेवन करने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी बेचते थे।