डूंगरपुर में भील प्रदेश विद्यार्थी मोर्चा (बीपीवीएम) ने शुक्रवार को एसबीपी कॉलेज में प्रदर्शन किया। संगठन ने कॉलेज की समस्याओं और छात्र हितों से जुड़ी मांगों को लेकर प्रिंसिपल डॉ. गणेशलाल निनामा को ज्ञापन सौंपा। बीपीवीएम ने प्रथम वर्ष में सीटें और सेक्शन बढ़ाने के साथ विषय परिवर्तन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की। बीपीवीएम के जिला संयोजक तुषार परमार और विजयपाल होता के नेतृत्व में छात्र नारेबाजी करते हुए प्राचार्य के चैंबर में पहुंचे। ज्ञापन में बताया गया कि प्रथम वर्ष में कला संकाय में 2100, बायोलॉजी में 264, मैथ्स में 176 और कॉमर्स में 31 सीटों पर अंतिम प्रवेश हुआ है। सीमित सीटों के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रवेश से वंचित रह गए हैं। प्रिंसिपल बोले- सीटें बढ़ानें की डिमांड पहले ही भेज दी संगठन का कहना है कि डूंगरपुर एक आदिवासी बाहुल्य जिला है, जहां अधिकांश विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं। उनके लिए निजी कॉलेजों में पढ़ाई करना संभव नहीं होता। ऐसे में सरकारी कॉलेज में सीटों और सेक्शन की संख्या बढ़ाना आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों का उच्च शिक्षा का सपना पूरा हो सके। इस पर प्रिंसिपल निनामा ने बताया कि फर्स्ट ईयर आर्ट्स और बायोलॉजी में सीटें बढ़ाने के लिए पहले ही डिमांड भेज दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आर्ट्स में 4 सेक्शन (400 सीटें) और बायोलॉजी में 2 सेक्शन (176 सीटें) बढ़ाने की मांग कॉलेज आयुक्त को भेजी गई है। प्राचार्य ने आश्वासन दिया कि वहां से मंजूरी आते ही सभी वंचित विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।