डूंगरपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बलवाड़ा गांव स्थित श्रीनाथ बेंगलोज कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर, 11 हजार रुपए नकद और तीन घड़ियां चुरा लीं। वारदात से पहले चोरों ने घर के फ्रिज से अंडे निकाले, घी में ऑमलेट बनाया और उसे खाया। इसके बाद अलमारी के ताले तोड़कर कीमती सामान समेट लिया। मकान मालिक शनिवार शाम को परिवार के साथ श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने गांव गई थीं। रविवार सुबह घर लौटने पर चोरी का पता चला। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस अब आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान में जुटी है। श्राद्ध कार्यक्रम में गया था परिवार, पीछे से वारदात श्रीनाथ बेंगलोज कॉलोनी निवासी लक्ष्मी प्रजापत ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह शनिवार शाम को अपने दोनों बेटों के साथ मां जमना देवी प्रजापत के श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होने घूघरा गांव गई थीं। इस दौरान मकान सूना था। रविवार सुबह घर लौटने पर अलमारी का सामान बिखरा हुआ मिला। घर की हालत देखकर उन्हें चोरी का पता चला। जांच करने पर सामने आया कि चोर सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान ले गए। बाथरूम की जाली निकालकर घुसे, दरवाजा तोड़कर घर में पहुंचे रिपोर्ट के अनुसार, चोरों ने मकान में घुसने के लिए बाथरूम की खिड़की पर लगी जाली निकाली। इसके बाद अंदर प्रवेश किया, लेकिन बाथरूम का दरवाजा बंद होने पर उसे तोड़कर चटकनी खोली और घर में घुस गए। चोरों ने रसोई में रखे फ्रिज से अंडे निकाले और घी में ऑमलेट बनाकर खाया। इसके बाद अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। सोने के हार, चूड़ियां और करीब एक किलो चांदी ले गए चोर करीब ढाई तोले का सोने का हार, डेढ़ तोले के कान के झुमके व चेन, आधे तोले का सोने का टीका, 6 ग्राम की सोने की चेन, ढाई तोले की सोने की चूड़ियां और 7 ग्राम की दो जोड़ी कान की बालियां ले गए। इसके अलावा करीब एक किलो चांदी, 11 हजार रुपए नकद और तीन घड़ियां भी चोरी कर लीं। इनमें दो स्मार्ट वॉच शामिल हैं। चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने मौका देखा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही वारदात की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान कर चोरी की वारदात का खुलासा किया जा सके।