घर-घर कचरा संग्रहण की सुविधा होने के बावजूद सड़क किनारे और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर अब डूंगरपुर नगर परिषद डिजिटल पहरा लगाएगी। रात के अंधेरे में कचरा डालकर निकलने वालों की पहचान सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग से की जाएगी और नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। सभापति सुशीला गुप्ता की पहल पर परिषद ने पहले चरण में शहर के 10 हॉटस्पॉट पर पोर्टेबल और मूवेबल कैमरों से निगरानी शुरू कर दी है। इतना ही नहीं, नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों के फोटो सार्वजनिक करने की तैयारी भी की जा रही है। परिषद ने आमजन से भी अभियान में सहयोग करने की अपील की है। 10 हॉटस्पॉट पर 24 घंटे निगरानी, नियम तोड़ा तो कार्रवाई सभापति सुशीला गुप्ता ने बताया कि शहर में ऐसे स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां बार-बार खुले में कचरा डालने की शिकायतें मिलती हैं। इन स्थानों पर कैमरों से रिकॉर्डिंग कर कचरा फेंकने वालों की पहचान की जाएगी और नियमानुसार जुर्माना वसूला जाएगा। बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब नगर परिषद की कचरा संग्रहण गाड़ी हर घर तक पहुंच रही है, तो सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डालने का कोई औचित्य नहीं है। कुछ लोगों की लापरवाही से पूरे शहर की छवि खराब होती है। इस पहल का उद्देश्य केवल जुर्माना लगाना नहीं, बल्कि शहर को स्वच्छ रखने के साथ लोगों की आदतों में बदलाव लाना भी है। कचरा फेंकते दिखें तो इस नंबर पर भेजें फोटो नगर परिषद ने नागरिकों से भी स्वच्छता अभियान में भागीदार बनने की अपील की है। यदि कोई व्यक्ति खुले में कचरा फेंकता दिखाई दे, तो उसका फोटो मोबाइल नंबर 95714 85842 पर भेजा जा सकता है। परिषद के अनुसार, सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा। अभियान में सहयोग करने वाले नागरिकों को सम्मानित भी किया जाएगा। परिषद ने लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरा केवल संग्रहण गाड़ी में डालने की अपील की है, ताकि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलने से रोकी जा सके। स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर बोले- पहल सराहनीय स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर केके गुप्ता ने नगर परिषद की डिजिटल निगरानी पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे खुले में कचरा डालने वालों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि डूंगरपुर पहले भी स्वच्छता के क्षेत्र में कई नवाचार कर अपनी पहचान बना चुका है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।