डूंगरपुर के कुआं थाना क्षेत्र के कुआं गांव में एक महिला दुकानदार से चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई है। बाइक सवार दो बदमाशों ने सामान खरीदने के बहाने महिला दुकानदार के गले से 2 तोले सोने की चेन तोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुआं गांव निवासी गंगा देवी कलाल कंगन स्टोर की दुकान चलाती हैं। आज दोपहर को बाइक सवार दो युवक मुंह पर मास्क लगाकर उनकी दुकान पर आए। एक युवक दुकान के अंदर आया और टॉप्स दिखाने को कहा। जब दुकानदार महिला पीछे रखे हुए सामान को लेने के लिए मुड़ी, उसी वक्त युवक ने महिला के गले में पहनी हुई 2 तोले सोने की चेन तोड़ ली और वहां से फरार हो गया। महिला के चिल्लाने पर वहां मौजूद लोगों ने बाइक का पीछा किया, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आए। मामले की पूरी जानकारी कुआं थानाधिकारी रघुवीर सिंह को दी गई, जिस पर कुआं थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।