आगामी कॉल्विन शील्ड के लिए टीम चयन के मद्देनजर गुरुवार को चैलेजर ट्रॉफी का मुकाबला खेला गया। लक्ष्मण मैदान पर हुए इस मैच में डूंगरपुर A ने डूंगरपुर B को हरा दिया। भाविक पाटीदार को उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। जिला क्रिकेट संघ के सचिव सुशील जैन ने बताया कि डूंगरपुर B ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 50 ओवरों में 42.2 ओवर में 256 रन बनाए। इसमें हिमांशु पाटीदार ने नाबाद 100 रन और केयूर त्रिवेदी ने 68 रन का योगदान दिया। डूंगरपुर A की ओर से भाविक पाटीदार और निल कलाल ने 3-3 विकेट लिए, जबकि देव भावसार को 2 विकेट मिले। 257 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी डूंगरपुर A टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 34.3 ओवरों में 6 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। टीम की ओर से भाविक पाटीदार ने नाबाद 132 रन की शानदार पारी खेली, वहीं अमित रोत ने नाबाद 42 रन बनाए। डूंगरपुर B की ओर से आवेश खान ने 3 विकेट और सुनील नाई ने 2 विकेट झटके। मैच में अंपायर की भूमिका शाहिद सिंधी और जावेद खान ने निभाई।