डूंगरपुर जिले में प्रशासन ने कोतवाली थाना क्षेत्र के बोरी गांव में एक बाल विवाह को समय रहते रुकवा दिया। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 से मिली सूचना पर यह त्वरित कार्रवाई की गई, जिससे एक नाबालिग बालिका का विवाह रुक गया। बाल अधिकारिता विभाग के सहायक निदेशक डॉ. कल्पित शर्मा ने बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 को बोरी गांव में एक नाबालिग बच्ची के विवाह की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही विभाग ने तुरंत जिला प्रशासन और पुलिस को मामले से अवगत कराया। सूचना की गंभीरता को देखते हुए राजस्व विभाग, कोतवाली पुलिस, सृष्टि सेवा समिति और चाइल्ड हेल्पलाइन की एक संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बालिका के आयु संबंधी दस्तावेजों की जांच की। जांच में पाया गया कि बालिका की उम्र मात्र 14 वर्ष 10 माह थी, जो वैधानिक विवाह आयु से कम है। इसके बाद टीम ने मौके पर ही विवाह की रस्मों को रुकवा दिया। कार्रवाई के दौरान, डूंगरपुर तहसील के अधिकारियों ने बालिका के परिजनों को सख्त हिदायत दी। उन्हें भविष्य में बाल विवाह नहीं करने के लिए पाबंद किया गया। बालिका की शादी शुक्रवार को होने वाली थी और बारात आने से पहले ही टीम ने इसे रुकवा दिया।