नीट पेपर लीक और रद्द होने के मामले में डूंगरपुर जिले में कांग्रेस कमेटी ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका। यह प्रदर्शन डूंगरपुर विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष गणेश घोगरा के नेतृत्व में हुआ। कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पर एकत्रित हुए और नीट पेपर लीक व रद्द होने के मुद्दे पर केंद्र सरकार के विरुद्ध विरोध दर्ज कराया। इस दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला जलाया गया। डबल इंजन सरकार की विफलता बताया विधायक गणेश घोगरा ने इस मुद्दे पर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार को निशाना बनाया। उन्होंने इसे 'डबल इंजन सरकार की विफलता' बताया। घोगरा ने कहा कि पेपर लीक होने से लाखों छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया है और उनके सपने टूट गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई माता-पिता ने अपनी जमीन और गहने बेचकर बच्चों को कोचिंग दिलाई थी, लेकिन इस भ्रष्टाचार ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया। घोगरा के अनुसार, इस पूरे मामले में कोचिंग सेंटर और सरकार की मिलीभगत स्पष्ट दिख रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पेपर लीक मामले में भाजपा के एक बड़े नेता का नाम सामने आ रहा है। NTA की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए विधायक घोगरा ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार इस एजेंसी को संरक्षण दे रही है, जिससे इसकी विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग गया है। उन्होंने पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार की सराहना करते हुए बताया कि उनकी सरकार ने पेपर लीक के खिलाफ सख्त कानून बनाए थे, जिसमें आजीवन कारावास और भारी जुर्माने का प्रावधान था। घोगरा ने मौजूदा सरकार से मांग की कि नीट पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ भी वैसी ही कड़ी कार्रवाई की जाए। विधायक गणेश घोगरा ने चेतावनी दी कि कांग्रेस पार्टी इस अन्याय के खिलाफ चुप नहीं बैठेगी और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए अपना विरोध जारी रखेगी।