डूंगरपुर में जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित डूंगरपुर प्रीमियर लीग (DPL) का तीसरा सीजन 5 अप्रैल से शुरू होगा। यह प्रतियोगिता शहर के लक्ष्मण मैदान में खेली जाएगी। 16 अप्रैल तक चलने वाली इस लीग में पुरुषों की 8 और पहली बार महिलाओं की 4 टीमें हिस्सा लेंगी। जिला क्रिकेट संघ के सचिव सुशील जैन ने बताया कि DPL सीजन 3 के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता के लिए दो टर्फ पिच तैयार किए गए हैं। प्रतिदिन दो मैच खेले जाएंगे। पहला शाम 4 बजे और दूसरा शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। पुरुष वर्ग के मैच 5 अप्रैल से 12 अप्रैल तक आयोजित होंगे, जबकि महिला वर्ग के मुकाबले 12 अप्रैल से 16 अप्रैल तक खेले जाएंगे। जैन ने यह भी बताया कि टीमों में आईपीएल, रणजी, राज्य स्तरीय और जिला स्तरीय खिलाड़ी शामिल होंगे। सभी मैचों में बीसीसीआई पैनल के अंपायर और स्कोरर मौजूद रहेंगे।