डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र के रघुनाथपुरा गांव में एक दामाद ने अपने ससुर और उनके भतीजे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में चाचा-भतीजा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के पीछे ससुराल में चल रहा विवाद बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। रघुनाथपुरा निवासी सुरेंद्र कोटड़िया अपने घर के पीछे आंगन में अकेले सो रहे थे। इसी दौरान उनका दामाद अचानक वहां पहुंचा और सोते हुए सुरेंद्र पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार करने लगा। हमले में सुरेंद्र की पीठ, हाथ-पैर और कान सहित शरीर के कई हिस्सों पर गहरे घाव हो गए। उनके शरीर पर करीब 7 से 8 गंभीर चोटें आई हैं। जब सुरेंद्र पर हमला हुआ, तो उनकी चीख-पुकार सुनकर उनके भतीजे राहुल कोटड़िया बीच-बचाव करने दौड़े। हमलावर दामाद ने राहुल को भी नहीं बख्शा और उस पर भी धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में राहुल के पेट और पीठ पर गंभीर घाव हो गए। चीख-पुकार और शोर-शराबा सुनकर जब आस-पड़ोस के लोग मौके पर जमा होने लगे और बीच-बचाव के लिए आगे बढ़े, तो आरोपी दामाद पकड़े जाने के डर से मौके से भाग खड़ा हुआ। घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों ने घायलों को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज जारी है। वारदात की सूचना मिलते ही दोवड़ा थाने से एएसआई भगवत सिंह और रमणलाल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की पूरी जानकारी ली है। पुलिस फिलहाल आरोपी दामाद की तलाश में जुटी है।