शहर में दीपावली के उत्सव को खास बनाने के लिए नगर परिषद की ओर से बुधवार से लक्ष्मण मैदान में दीपावली मेले का आगाज होगा। इस बार मेले में झूलों, खरीददारी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनोरंजन के कई आकर्षण देखने को मिलेंगे। साथ ही शहर में पहली बार गैप सागर झील और बादल महल के किनारे आधुनिक तकनीक से जुड़े लेजर बीम शो, ग्राफिक्स शो, लाइट एंड साउंड शो का भी आयोजन होगा। मेले को लेकर तैयारियो की जा रही है। नगर परिषद की सभापति सुशीला गुप्ता ने बताया कि इस बार दीपावली मेले को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। मेले का उद्घाटन 28 अक्टूबर को देर शाम किया जाएगा। मेले में परिवारों के लिए विभिन्न प्रकार की दुकानें और मनोरंजन के साधन आकर्षण का केंद्र रहेंगे। घरेलू उत्पादों से लेकर हस्तशिल्प तक के सामान के विकल्प मिलेंगे। वहीं, बच्चों और युवाओं के लिए झूले और मनोरंजन की गतिविधियां मेले की रौनक बढ़ाएंगी। इस बार दीपावली उत्सव का खास आकर्षण गैप सागर झील और बादल महल के आसपास होने वाले कार्यक्रम रहेंगे। यहां 45 से 60 मिनट की अवधि के लेजर बीम शो, ग्राफिक्स शो और लाइट एंड साउंड शो आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा एसएफएक्स पटाखा और ऑटो स्ट्रीम शो का आयोजन भी होगा। इसके अलावा राजस्थानी लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, राष्ट्रीय कवि सम्मेलन, ऑर्केस्ट्रा, बॉलीवुड और सूफी नाइट के साथ लाइव बैंड कार्यक्रम, भजन संध्या और डांस एवं कॉमेडी नाइट आयोजित किया जाएगा। मेले को लेकर लक्ष्मण मैदान में तैयारिया की जा रही है।