मेडिकल कॉलेज डूंगरपुर से जुड़े हरिदेव जोशी जिला अस्पताल के डॉक्टरों का वेतन भुगतान नहीं होने के विरोध में आंदोलन सोमवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। डॉक्टरों ने सुबह 8 से 9 बजे तक एक घंटे का पेन डाउन प्रदर्शन किया, जिससे ओपीडी सेवाएं प्रभावित हुईं और मरीजों को इंतजार करना पड़ा। डॉक्टर अस्पताल पहुंचने के बाद ओपीडी में जाने के बजाय अस्पताल के पोर्च में एकत्रित हुए। उन्होंने सरकार और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द बकाया वेतन जारी करने की मांग की। राजस्थान मेडिकल कॉलेज टीचर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ. विजय मीणा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण आर्थिक और पारिवारिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं। इससे पहले काली पट्टी बांधकर विरोध जताया गया था, लेकिन समाधान नहीं होने पर पेन डाउन आंदोलन शुरू किया गया। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि मरीजों की सुविधा को देखते हुए इमरजेंसी सेवाएं लगातार जारी रखी गई हैं। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द वेतन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा पेन डाउन हड़ताल का समय भी बढ़ाया जा सकता है। पेन डाउन के कारण सुबह ओपीडी सेवाएं प्रभावित रहीं और मरीजों को डॉक्टरों के वापस लौटने का इंतजार करना पड़ा। निर्धारित समय पूरा होने के बाद डॉक्टर पुनः ओपीडी और वार्ड में लौटे, जिसके बाद मरीजों को राहत मिली।